जयपुर। राजधानी के 200 फीट चौराहा पर ड्यूटी के दौरान यातायात पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता और राजकार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। श्याम नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मी जितेन्द्र कुमार 200 फीट चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक रॉन्ग साइड से आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मी ने उसे रोककर कारण पूछा तो आरोपी आवेश में आ गया और अभद्र व्यवहार करने लगा।
आरोप है कि युवक ने चालान मशीन छीनकर सड़क पर फेंक दी और पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने कांस्टेबल के दाहिने हाथ की कलाई पर दांतों से काट लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पीड़ित कांस्टेबल की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) सुनील शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पप्पू जाट (22) निवासी अजमेर को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।



















