साइबर ठगी नेटवर्क का भंडाफोड़: जयपुर दक्षिण पुलिस ने 48 आरोपियों को पकड़ा

0
47
Cyber ​​Fraud Network Busted
Cyber ​​Fraud Network Busted

जयपुर। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के दक्षिण जिला पुलिस ने साइबर अपराधियों और मोबाइल चोर गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत 48 साइबर अपराधियों और संदिग्धों को दबोचा है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के नेटवर्क का खुलासा किया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थानों में 15 प्रकरण दर्ज कर 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 31 संदिग्धों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत पकड़ा गया।

किराए के बैंक खातों से हो रही थी ठगी

जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे और उन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी।

श्यामनगर थाना के प्रकरण संख्या 174/26 में एनसीआरपी पोर्टल पर देशभर से 53 शिकायतें लिंक मिलीं। मामले में मानसरोवर निवासी अजय कुमार विजय (33) को गिरफ्तार किया गया। वहीं, सोडाला थाना के प्रकरण संख्या 180/26 में 41 शिकायतें सामने आने पर सांगानेर निवासी ललित कुमार सैनी (23) को गिरफ्तार किया गया।

आपका मोबाइल फिर से आपका अभियान में बड़ी सफलता

जयपुर दक्षिण साइबर सेल ने गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाते हुए सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी विश्लेषण की मदद से राजस्थान के विभिन्न जिलों से 430 मोबाइल बरामद किए। बरामद मोबाइलों की बाजार कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपए आंकी गई है।

मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह बेनकाब

इस अभियान के दौरान महेश नगर थाना क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडियों और भीड़ भाड़ वाले बाजारों में बच्चों से मोबाइल चोरी करवाने वाले गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 7 मोबाइल बरामद किए और ज्योति नगर थाना क्षेत्र में आईपीएल मैचों के दौरान स्टेडियम के बाहर मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह के आरोपी दिलवर कुमार मंडल निवासी साहिबगंज (झारखंड) को गिरफ्तार कर 5 मोबाइल बरामद किए गए।

साइबर ठगी की राशि होल्ड, पीड़ितों को राहत

साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के मामलों में कुल 2 करोड़ 73 लाख 30 हजार 340 रुपए की राशि बैंक खातों में होल्ड करवाई। इनमें से 20 लाख 8 हजार 742 रुपए पीड़ितों को रिफंड भी कराए गए।

3000 लोगों को किया जागरूक

पुलिस ने 10 स्कूल-कॉलेजों में साइबर जागरूकता अभियान चलाकर 3000 से अधिक लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव की जानकारी दी।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन तथा एसीपी मानसरोवर आदित्य कांकड़े, एसीपी सोडाला सुनील शर्मा, एसीपी अशोक नगर बालाराम चौधरी और एसीपी चाकसू भवानी सिंह के निर्देशन में अंजाम दिया गया।

विशेष टीम में हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, राम सिंह, महिला कांस्टेबल कुसुम, कांस्टेबल विमलेश, अजयपाल, प्रहलाद, मुकेश, दिनेश, जितेंद्र, सवाई सिंह, रामलाल, हनुमान, अशोक और सूचना सहायक आशीष शर्मा की भूमिका सराहनीय रही।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल का उपयोग करें। साथ ही किसी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम या नेट बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here