जीटी बाजार की पार्किंग से बाइक चुराने वाला शातिर गिरफ्तार

0
158
Cunning Thief Who Stole Bike from GT Market Parking Arrested
Cunning Thief Who Stole Bike from GT Market Parking Arrested

जयपुर। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर के प्रसिद्ध गौरव टावर (जीटी) बाजार की पार्किंग से मोटरसाइकिल चुराने वाले एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।

पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों सहित करीब दो दर्जन (24) मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शहर के प्रसिद्ध गौरव टावर (जीटी) बाजार की पार्किंग से मोटरसाइकिल चुराने वाले लोकेश उर्फ लोकेन्द्र (30) निवासी बालाघाट जिला करौली को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लोकेश उर्फ लोकेन्द्र अपनी मौज-मस्ती के खर्चों और शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है।

उसके खिलाफ जयपुर के श्यामनगर, प्रतापनगर, करौली के बालाघाट, श्री महावीर जी और चित्तौड़गढ़ के भैंसरोडगढ़ सहित विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास,अपहरण, डकैती की योजना और चोरी के करीब 24 संगीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपी से जयपुर शहर के अन्य इलाकों से चुराई गई गाड़ियों और उसके नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। जिससे कई अन्य बड़ी वारदातों के खुलासे होने की उम्मीद है।

इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी महेश चन्द्र, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह,मनोज कुमार और रौनक शामिल रहे।

थानाधिकारी महेश चन्द्र ने बताया कि 4 मई 2026 को बूंदी के नैनवा निवासी और हाल मानसरोवर जयपुर में रह रहे परिवादी रविराज ने मामला दर्ज कराया था। कि वह 1 मई की रात अपनी बाइक जीटी बाजार की पार्किंग में खड़ी कर अंदर गया था। एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा, तो पार्किंग से उसकी बाइक गायब थी।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जीटी बाजार और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्धों पर नजर रखी। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपित को चिन्हित करते हुए धर—दबोचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here