जयपुर। भीषण गर्मी और बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं को देखते हुए नगर निगम जयपुर की अग्निशमन शाखा ने शहरभर में व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर 13 जोनों में व्यापारिक संस्थानों, स्कूलों, कोचिंग सेंटर, होटल, अस्पताल और मिल्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई।
अभियान के तहत अग्निकांड की स्थिति में बचाव, प्राथमिक प्रतिक्रिया और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन शाखा के कार्मिकों ने कर्मचारियों और आमजन को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी व्यवस्था तथा आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों का प्रशिक्षण दिया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं में जन-धन की हानि को न्यूनतम करना है। निगम द्वारा इससे पहले 14 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक शहर के 103 प्रतिष्ठानों में भी मॉक ड्रिल करवाई जा चुकी है।



















