जयपुर/जैसलमेर ।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पुत्री टिफनी ट्रंप, उनके पति माइकल बोलोस तथा भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर रविवार को जैसलमेर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध जैसलमेर दुर्ग स्थित जैसलमेर फोर्ट पैलेस म्यूजियम का भ्रमण कर यहां की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना।
भ्रमण के दौरान जैसलमेर महारावल चैतन्यराज सिंह भी उनके साथ उपस्थित रहे। उन्होंने अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए जैसलमेर के गौरवशाली इतिहास, अद्वितीय स्थापत्य कला, शौर्य परंपराओं तथा दुर्ग की ऐतिहासिक विशेषताओं की विस्तृत जानकारी दी।
जैसलमेर फोर्ट पैलेस म्यूजियम के निदेशक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टिफनी ट्रंप, माइकल बोलोस एवं अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने संग्रहालय में संरक्षित दुर्लभ कलाकृतियों, राजसी वस्तुओं, ऐतिहासिक दस्तावेजों तथा राजपरिवार से जुड़ी अमूल्य धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने जैसलमेर की स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक धरोहरों में विशेष रुचि दिखाई तथा उनकी सराहना की।
भ्रमण के दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि 12वीं शताब्दी में निर्मित जैसलमेर दुर्ग आज भी अपनी भव्यता और मजबूती के साथ खड़ा है। अतिथियों ने दुर्ग के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अपनाई जा रही पारंपरिक और प्राचीन तकनीकों की विशेष प्रशंसा की।
उन्होंने संग्रहालय परिसर की विभिन्न दीर्घाओं का अवलोकन किया तथा जैसलमेर के इतिहास, कला और संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। इस अवसर पर जैसलमेर महारावल चैतन्यराज सिंह एवं संग्रहालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का जैसलमेरी पट्टू भेंट कर सम्मान किया गया।
टिफनी ट्रंप एवं माइकल बोलोस की यह यात्रा जैसलमेर की वैश्विक पहचान और पर्यटन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उनके भ्रमण से जैसलमेर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।



















