शिवराज जुसरिया गैंग का बदमाश गिरफ्तार

0
56
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। करधनी थाना पुलिस ने कुख्यात शिवराज जुसरिया गैंग के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सीकर की फतेहपुर शेखावाटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। आरोपी हत्या और आर्म्स एक्ट के मामलों में भी चालान शुदा है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विशाल सिंह उर्फ बाबू (27) पुत्र रेवंत सिंह निवासी खुनखुना जिला डीडवाना-कुचामन है, जो वर्तमान में निवारू रोड स्थित गणेश वाटिका में रह रहा था।

पूछताछ में सामने आया कि विशाल सिंह कुख्यात शिवराज जुसरिया गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसका भाई अंकित सिंह आकोदा भी विजेंद्र सिंह गुलाब बाड़ी हत्याकांड के मुख्य आरोपी शिवराज सिंह जुसरिया के साथ जयपुर जेल में बंद है। आरोपी के खिलाफ खोराबीसल थाने में आर्म्स एक्ट सहित चोरी के अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास कर रही है।

करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि रिद्धि सिद्धि नगर-4 निवासी ईश्वर सिंह ने 25 अप्रैल 2026 को करधनी थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया था कि 15 अप्रैल को उसके माता-पिता शादी समारोह में गांव गए थे। 23 अप्रैल को वह और उसकी बहन काम पर गए हुए थे। दोपहर करीब दो बजे पड़ोसी ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी होना पाया गया।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा) आलोक कुमार के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा पुराने अपराधियों पर निगरानी रखी। तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी विशाल सिंह की पहचान की गई।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी वर्ष 2022 में नेछवा (सीकर) में एक शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग और हत्या के मामले में फतेहपुर शेखावाटी जेल में बंद है। इसके बाद करधनी पुलिस ने 30 मई को उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। वहीं कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी सवाई सिंह, एएसआई नरेश चंद तथा कांस्टेबल बाबूलाल, गजानंद, मुकेश गोरा, विजयपाल और सुभाष शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here