पचास हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

0
45
Patwari Arrested for Accepting a Bribe of 50,000
Patwari Arrested for Accepting a Bribe of 50,000

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की स्पेशल यूनिट बीकानेर ने कार्रवाई करते हुए श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर तहसील क्षेत्र में तैनात एक पटवारी को पचास हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी खाता विभाजन और शुद्धिकरण के कार्य के बदले परिवादी से एक लाख रुपए की रिश्वत मांग रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो पुलिस महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी स्पेशल यूनिट बीकानेर को शिकायत मिली थी कि पटवार हल्का 68 एलएनपी रिडमलसर तहसील पदमपुर जिला श्रीगंगानगर में कार्यरत पटवारी अंकुश कुमार परिवादी के चक 68 एलएनपी रिडमलसर स्थित मुरब्बा नंबर 35 एवं खाता संख्या 135 के संयुक्त खाते का विभाजन और शुद्धिकरण करने के बदले एक लाख रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है।

जहां शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया। जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक इन्द्र कुमार और उनकी टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

एसीबी टीम ने मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई के दौरान आरोपित पटवारी अंकुश कुमार को रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 50 हजार रुपए स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरामद राशि में 10 हजार रुपए भारतीय मुद्रा तथा 40 हजार रुपए डमी नोट शामिल थे। इस कार्रवाई के दौरान रिश्वत राशि आरोपित के कब्जे से बरामद कर ली गई। एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपित पटवारी से पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here