जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर हवामहल जोन के वार्ड-142 स्थित राजस्थान नेत्रहीन कल्याण संघ में नगर निगम जयपुर, बिसलेरी सीएसआर ‘बॉटलर्स फॉर चेंज’ एवं ग्राम भारती एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में नेत्रहीन बच्चों ने उपयोग में आ चुकी प्लास्टिक बोतलों को रचनात्मक ढंग से सजाकर आकर्षक प्लांटर तैयार किए और पुनर्चक्रण के महत्व को प्रदर्शित किया। बच्चों ने अपने हुनर और कल्पनाशीलता के माध्यम से यह संदेश दिया कि बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं का भी उपयोगी रूप में पुनः इस्तेमाल किया जा सकता है।
इस अवसर पर खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने तबला वादन, हारमोनियम प्रस्तुति और गीत-संगीत के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुनर्चक्रित प्लास्टिक से निर्मित टी-शर्ट एवं अन्य आकर्षक उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बच्चों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा सभी से प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।



















