म्यूटेशन भरने के नाम पर पटवारी चार हजार रुपये की लेते गिरफ्तार

0
86
Patwari arrested for accepting a bribe of ₹4,000 to process a mutation.
Patwari arrested for accepting a bribe of ₹4,000 to process a mutation.

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जालोर जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी कृषि भूमि का म्यूटेशन भरने के एवज में परिवादी से 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार जयपुर स्थित हेल्पलाइन नंबर 1064 पर प्राप्त शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई। शिकायत में बताया गया था कि पटवारी बंटी मीणा एलआर शाखा तहसील सायला एवं वर्तमान में अतिरिक्त चार्ज पटवार हल्का सांगाणा, जिला जालोर, परिवादी की कृषि भूमि का म्यूटेशन दर्ज करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी चौकी जालोर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मांगीलाल राठौड़ के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान आरोपी पटवारी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।

एसीबी जांच में सामने आया कि आरोपी ने मांग के सत्यापन के दौरान परिवादी से पहले ही 2 हजार रुपये रिश्वत के रूप में प्राप्त कर लिए थे। इसके बाद शेष राशि लेने के दौरान एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया।

एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके निवास एवं अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी की कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here