जयपुर। परमा एकादशी के पावन अवसर पर जयपुर स्थित गुप्त वृन्दावन धाम में गुरुवार को भक्ति और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर में भगवान श्री श्री कृष्ण-बलराम का विशेष श्रृंगार किया गया तथा उनके लिए 2108 किलो आमों से आकर्षक और भव्य बंगला झांकी सजाई गई। आमों से सजे इस दिव्य दरबार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
परमा एकादशी के अवसर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुप्त वृन्दावन धाम पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा नजर आया।
विशेष अवसर पर बाल भक्त भागवत द्वारा हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं के साथ-साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संकीर्तन की मधुर धुनों पर भक्त झूम उठे और पूरे परिसर में ‘हरे कृष्ण’ महामंत्र की गूंज सुनाई दी। धाम में चल रहे 100 करोड़ नाम जप महाअभियान के तहत श्रद्धालुओं ने 64 माला जप संकल्प के साथ हरिनाम जप में भाग लिया। पूरे दिन भक्तों ने भक्ति साधना और नाम-स्मरण के माध्यम से आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया।
गुप्त वृन्दावन धाम में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर माहव्यापी पुरुषोत्तम मास कथा का आयोजन भी जारी है। यह कथा कृष्ण भावना केंद्र के संस्थापक ओमप्रकाश मोदी के सहयोग से आयोजित की जा रही है। कथा का समापन 15 जून को विशेष धार्मिक समारोह के साथ होगा।
गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि पुरुषोत्तम मास की एकादशी भक्ति साधना के लिए अत्यंत शुभ मानी जाती है। इस दिन की गई साधना और हरिनाम जप का पुण्य कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में हरिनाम जप कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की।
परमा एकादशी के अवसर पर आयोजित इन भव्य धार्मिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं को भक्ति, साधना और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का कार्य किया। 2108 किलो आमों से सजी भगवान कृष्ण-बलराम की झांकी पूरे आयोजन का मुख्य आकर्षण रही।



















