पांच वर्षीय मासूम की हत्या में पड़ोसी महिला गिरफ्तार

0
58
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला ने आपसी रंजिश के चलते बच्ची की हत्या की। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि शनिवार को लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची का शव पड़ोसी महिला के घर से बरामद किया गया था। संदिग्ध महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बच्ची की हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद रविवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतका के पिता ने बताया कि शनिवार सुबह वह काम पर गए थे। दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी का फोन आया कि पांच वर्षीय बेटी घर से अचानक लापता हो गई है और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल रहा। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे और बच्ची की खोजबीन शुरू की।

उन्होंने बताया कि पड़ोस में रहने वाली महिला का उनकी पत्नी से पहले किसी बात को लेकर विवाद हो चुका था। इसी कारण शुरुआत से ही उन्हें उस महिला पर शक था। जब उन्होंने महिला से बच्ची के बारे में पूछा तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की ओर से जताए गए संदेह के आधार पर पड़ोसी महिला के घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान घर के हॉल में रखे बेड (दीवान) के अंदर कंबल में लिपटा बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बच्ची की हत्या गला दबाकर की गई थी। शव को छिपाने के उद्देश्य से कंबल में लपेटकर बेड के अंदर रखा गया था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और बच्ची के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। पूछताछ में आरोपी महिला ने आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि आरोपी महिला पुलिस गिरफ्त में है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब मुख्य विवाद की असली वजह जानने और पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस इस एंगल पर भी गहनता से जांच कर रही है कि क्या इस खौफनाक हत्याकांड में महिला अकेली ही शामिल थी या फिर परिवार या बाहर के किसी अन्य व्यक्ति ने भी इस साजिश में उसका साथ दिया था। इस वीभत्स हत्याकांड के बाद से पूरे हरमाड़ा इलाके में भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपी महिला को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here