जयपुर। राजधानी के पॉश इलाके भगवानदास रोड स्थित एक स्पा सेंटर में चल रही कथित अनैतिक गतिविधियों का विधायकपुरी थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मॉल-21 के तीसरे तल पर संचालित ‘लवाना स्पा’ पर दबिश देकर दो युवकों और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर पुलिस आयुक्तालय की ओर से शहर में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित किशोर शर्मा के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अशोक नगर) बालाराम के सुपरविजन में विधायकपुरी थाना पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भगवानदास रोड स्थित मॉल-21 के तीसरे तल पर संचालित ‘लवाना स्पा’ में स्पा की आड़ में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर विधायकपुरी थानाधिकारी नरेन्द्र भडाना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से स्पा सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से दो युवकों और तीन युवतियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान संजीव लोधी (24) पुत्र हरिशंकर लोधी निवासी सागर (मध्य प्रदेश) तथा आकाश लोधी (23) पुत्र मुजबल सिंह लोधी निवासी अशोकनगर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। आकाश लोधी स्पा सेंटर में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और स्पा सेंटर की आड़ में संचालित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित रैकेट से अन्य लोग जुड़े हुए हैं या नहीं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में किसी भी प्रकार की अवैध अथवा अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


















