जयपुर। राजधानी के मुहाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना में बीमारी से परेशान एक अधेड़ ने रिंग रोड से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की।
थानाधिकारी गुरु भूपेंद्र सिंह ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे कपूरवाला अंडरपास के निकट रिंग रोड पर हुई। मृतक की पहचान राजेश चौधरी (54) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से बीमारी से परेशान थे।
पुलिस के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजेश चौधरी कुछ समय तक रिंग रोड पर खड़े रहे और फिर अचानक ऊपर से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी शिनाख्त की और परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने की बात सामने आई है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


















