अधिक मास:पार्थिव शिवलिंग पूजन महोत्सव में उमड़ी श्रद्धा

0
60

जयपुर। अधिक मास के अंतिम दिन रविवार को सेक्टर-5 स्थित शिव हनुमान मंदिर में आयोजित विशाल सामूहिक पार्थिव शिवलिंग पूजन महोत्सव श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। भारत विकास परिषद, शाखा अंबाबाड़ी जयपुर के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की

आचार्य पंडित राजेश शास्त्री के सान्निध्य में आयोजित 20वें पार्थिव शिवलिंग पूजन एवं सहस्त्रघट महाभिषेक में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान भगवान शिव का गंगाजल, दूध, पंचामृत, गन्ने के रस, भांग तथा विभिन्न पवित्र सामग्रियों से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष गूंजते रहे, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

पंडित राजेश शास्त्री ने बताया कि अधिक मास में भगवान शिव की आराधना और पार्थिव शिवलिंग पूजन का विशेष महत्व माना गया है। विशेष रूप से अधिक मास के अंतिम दिन किया गया पूजन एवं अभिषेक श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और पुण्यफल प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में अधिक मास साधना, जप, तप और ईश्वर भक्ति के लिए अत्यंत शुभ एवं फलदायी माना गया है।

महोत्सव में शामिल श्रद्धालुओं ने सहस्त्रघट महाभिषेक में भाग लेकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और भक्ति, श्रद्धा तथा आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here