जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाया जा रहा देशव्यापी अभियान राजस्थान में व्यापक स्तर पर जारी है। भाजपा प्रदेश संगठन के अनुसार “बारह साल विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के” थीम पर आधारित इस अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं अभियान प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत प्रदेशभर में आठ प्रमुख कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना
10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना की, जबकि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने नई दिल्ली के चाणक्यपुरी तथा उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने दिल्ली स्थित श्री गोपाल जी मंदिर में दर्शन किए। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ एवं प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने झारखंड महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को गति
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रदेशभर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा का दावा है कि मानसून के दौरान यह अभियान और अधिक व्यापक रूप से चलाया जाएगा।
जनकल्याण शिविरों में योजनाओं की जानकारी
12 से 20 जून तक प्रदेश के विभिन्न ब्लॉकों में तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए गए, जिनमें आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों का पंजीकरण किया गया।
केंद्रीय नेताओं के प्रवास से बढ़ी सक्रियता
अभियान के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर, भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कोटा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. संजय जायसवाल ने अलवर तथा भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने जोधपुर का दौरा कर कार्यकर्ताओं और आमजन से संवाद किया।
प्रबुद्धजन सम्मेलन और प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं
भाजपा के अनुसार प्रदेश के 31 से अधिक जिलों में प्रबुद्धजन एवं पेशेवर वर्ग के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसके साथ ही प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जिलों में किसानों के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं।
प्रदर्शनियों में दिखाई जा रहीं उपलब्धियां
जिला स्तर पर तीन दिवसीय प्रदर्शनियों का आयोजन कर केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। प्रदर्शनियों में चित्रकला प्रतियोगिता, वीडियो प्रस्तुति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जा रहा है।
योग दिवस पर विशेष आयोजन
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को प्रदेश के प्रत्येक मंडल स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने आमजन से इन कार्यक्रमों में भागीदारी का आह्वान किया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।



















