माता के दरबार में रातभर बही भक्ति की गंगा

0
41
A river of devotion flowed all night long at the Mother's shrine.
A river of devotion flowed all night long at the Mother's shrine.

जयपुर। वैष्णो देवी सेवा समिति (रजि.) राजापार्क के तत्वावधान में पंचवटी सर्किल स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में 29वां विशाल भगवती जागरण श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। भजन, पूजन और जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।

जागरण का शुभारंभ टी-सीरीज़ एवं संस्कार चैनल के सुप्रसिद्ध भजन गायक शिवा सागर ने श्री गणेश वंदना से किया। उन्होंने “चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है”, “माँ मुरादे पूरी करदे, हलवा बाँटूँगी”, “किसने सजाया तुमको मैया”, “जय जय जय बजरंग बली” तथा “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएँगे” सहित अनेक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। पूरे आयोजन के दौरान “जय माता दी” और “बोलो सच्चे दरबार की जय” के जयघोष से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

इस अवसर पर माता रानी के दरबार में नवदुर्गा स्वरूप नौ ज्योतियां प्रज्वलित की गईं। माता रानी को नवीन पोशाक धारण कराकर आकर्षक श्रृंगार किया गया। वहीं मंदिर परिसर में विराजमान पवनपुत्र हनुमानजी महाराज को भी विशेष पोशाक पहनाई गई। मंदिर को रंग-बिरंगी चुनरियों, मौसमी पुष्पों और आकर्षक विद्युत सज्जा से भव्य रूप से सजाया गया।

कार्यक्रम में विधायक कालीचरण सराफ एवं भाजपा नेता रवि नैय्यर ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान समिति के अध्यक्ष राज भाटिया एवं सचिव राजकुमार भाटिया ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि पंडित मदन लाल शर्मा ने माता की चुनरी भेंट कर आशीर्वाद प्रदान किया। श्रद्धालुओं को हलवा-चना एवं फल प्रसादी का वितरण भी किया गया।

मंदिर के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में राजा पार्क स्थित भाटिया भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में छोले, सब्जी, पूड़ी, चावल, नमकीन, भुजिया एवं दूध की बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।

आयोजन की व्यवस्थाओं में योगेश खुराना, श्याम आहूजा, कमलेश आसुदानी, इंद्रजीत शर्मा, विकास भाटिया, गुलशन मक्कड़ सहित समिति के अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम श्रद्धा, सेवा और सामूहिक भक्ति का अनुपम उदाहरण बनकर संपन्न हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here