जयपुर। आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज के 140वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में श्री अमरापुर स्थान जयपुर की ओर से आध्यात्मिक स्मरण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्देश्य भक्तों में आध्यात्मिक साहित्य एवं गुरु-वाणी के प्रति श्रद्धा बढ़ाना तथा स्मरण शक्ति का विकास करना है।
प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को सद्गुरु टेऊँराम चालीसा, शांति के दोहे और सद्गुरु टेऊँराम की आरती कंठस्थ कर सुनानी होगी। इसमें सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने प्रतिभागियों की सुविधा के लिए स्मरण पुस्तक भी उपलब्ध कराई है।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं को 12 जुलाई 2026 तक श्री अमरापुर स्थान पहुंचकर आरती, दोहे और चालीसा सुनानी होगी। सभी रचनाएं सही-सही सुनाने वाले प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया जाएगा।
विजेताओं को 15 से 19 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले सद्गुरु टेऊँराम महाराज के 140वें जन्मोत्सव महोत्सव के मुख्य समारोह में भव्य मंच से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को लेकर गुरुभक्तों और स्थानीय समाज में उत्साह का माहौल है।



















