वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: जयपुर जिले के 4 हजार 817 यात्रियों का ऑनलाइन लॉटरी से चयन

0
74
Senior Citizen Pilgrimage Scheme
Senior Citizen Pilgrimage Scheme

जयपुर। वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत जयपुर जिले के पात्र आवेदकों के चयन के लिए बुधवार को मंत्रालय भवन स्थित मनन सभागार में ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई। प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति ने देवस्थान विभाग के पोर्टल पर पारदर्शी तरीके से चयन प्रक्रिया पूरी की।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को जीवनकाल में कम से कम एक बार राज्य सरकार की सहायता से देश एवं विदेश के निर्धारित तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाना है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। इनमें 50 हजार यात्रियों को रेल मार्ग से तथा 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ (काठमांडू, नेपाल) की यात्रा करवाई जाएगी।

योजना के लिए 27 मई से 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस दौरान प्रदेशभर से 1.14 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कुल 1.92 लाख से अधिक यात्री शामिल हैं।

जयपुर जिले से 13,063 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 15,503 आवेदक और 6,881 सहयात्री शामिल रहे। जिले से कुल 22,384 यात्रियों ने आवेदन किया था। वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर जयपुर जिले के लिए 4,817 यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है। इनमें 4,291 यात्रियों का चयन रेल यात्रा और 526 यात्रियों का चयन हवाई यात्रा के लिए किया गया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर आशीष कुमार, सीओ एससी-एसटी सेल रामावतार सिंह ताखर, सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत, संयुक्त निदेशक रणवीर सिंह, सहायक निदेशक बाबूलाल मीना एवं देवस्थान विभाग के निरीक्षक सुरेंद्र पूनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here