जयपुर। रामगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक डेयरी बूथ पर करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के समय युवक अपने दोस्तों के साथ बूथ पर बैठा हुआ था। करंट लगने के बाद उसे गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
एएसआई बाबूलाल ने बताया कि मृतक की पहचान निखिल (28) पुत्र योगेंद्र निवासी घोड़ा निकास रोड, रामगंज के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 8:30 बजे निखिल अपने दोस्तों के साथ रामगंज चौपड़ स्थित एक डेयरी बूथ पर बैठा हुआ था।
इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद डेयरी बूथ संचालक और उसके परिचितों ने निखिल को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस संबंध में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि डेयरी बूथ के भीतर करंट किस कारण से फैला और किस विद्युत उपकरण में तकनीकी खराबी थी। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



















