आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं पर निदेशक से वार्ता: ग्रेच्युटी आदेश जल्द जारी होने के संकेत

0
42

जयपुर। राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ (भारतीय मजदूर संघ) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक वासुदेव मालावत से मुलाकात कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मानदेय भुगतान, ग्रेच्युटी, गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्ति, सेवानिवृत्ति बीमा भुगतान, फेस कैप्चरिंग और इंक्रीमेंट सहित विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मजदूर संघ के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री हरिमोहन शर्मा, आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश प्रभारी भोला नाथ आचार्य, प्रदेश महामंत्री पूजा चौधरी, प्रदेश मंत्री उर्मिला मोड़ोतिया, शीला जांगिड़, उर्मिला शर्मा तथा अक्षय कुमार शामिल रहे।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय भुगतान में आ रही परेशानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि तकनीकी समस्या का समाधान कर दिया गया है और सभी जिलों में मानदेय का भुगतान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी एक-दो माह में राज्य सरकार और केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला मानदेय पूर्व की तरह एक साथ जमा कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

ग्रेच्युटी के मुद्दे पर निदेशक ने बताया कि वित्त विभाग की ओर से प्राप्त आपत्तियों का निराकरण कर प्रस्ताव पुनः वित्त विभाग को भेज दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही ग्रेच्युटी संबंधी आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से गैर-आईसीडीएस कार्य नहीं कराने की मांग भी रखी। इस पर निदेशक ने आश्वासन दिया कि मुख्यालय स्तर से राज्य सरकार को पत्र लिखकर इस संबंध में अनुरोध किया जाएगा। साथ ही सभी जिलों के उपनिदेशकों को भी निर्देश जारी किए जाएंगे कि प्रशासन से समन्वय कर शासन के आदेशों के अनुरूप आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गैर-आईसीडीएस कार्यों से मुक्त कराया जाए।

बैठक में सेवानिवृत्ति पर देय बीमा राशि के भुगतान में होने वाली देरी को दूर करने के लिए मुख्यालय स्तर से ही भुगतान प्रक्रिया लागू करने पर सहमति बनी। इसके अलावा सेनेटरी नैपकिन वितरण एवं फेस कैप्चरिंग की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा पूर्व की भांति 5 और 10 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर इंक्रीमेंट देने के लिए आवश्यक कार्रवाई का भी आश्वासन दिया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक को स्पष्ट किया कि कार्य बहिष्कार, केंद्र बंद और हड़ताल को भारतीय मजदूर संघ का समर्थन नहीं था। संगठन से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित रूप से अपने केंद्र खोलकर ऑनलाइन कार्य करती रहीं। इस पर निदेशक मालावत ने संतोष व्यक्त किया।

महासंघ ने बताया कि 19 जून 2026 से अब तक विभागीय अधिकारियों के साथ यह चौथी बैठक है। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ लगातार विभाग और सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से अपनी बात रख रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here