
जयपुर। दिल्ली में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में महात्मा गांधी स्वदेश फाउंडेशन ने बुधवार को राष्ट्रपति के नाम जयपुर जिला अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। फाउंडेशन ने घटना की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने और घायल छात्रों को उचित मुआवजा एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। फाउंडेशन ने कहा कि छात्रों की आवाज लोकतंत्र की ताकत होती है और शिक्षा, न्याय एवं संवैधानिक अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद एडवोकेट ने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं।
शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले छात्रों का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उनके खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने दिल्ली में हुई लाठीचार्ज की घटना को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह युवाओं के संवैधानिक अधिकारों पर हमला है।
उन्होंने मांग की कि घटना की तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई हो, घायल छात्रों को पर्याप्त सहायता दी जाए और भविष्य में ऐसे मामलों का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए।
ज्ञापन के दौरान एडवोकेट प्रवीण वर्मा, एडवोकेट माहेश चावला, एडवोकेट अशोक गुप्ता, जयपुर शहर अध्यक्ष सैय्यद मासूम अली, मक्सूद रंगरेज एडवोकेट, मोहम्मद अफजल एडवोकेट, हितेंद्र सिंह एडवोकेट, एडवोकेट उज्मा खान सहित कई अधिवक्ता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। फाउंडेशन ने कहा कि वह संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।


















