
जयपुर। जयपुर के युवा समाजसेवी रितुराज सैन जयरामपुरा कम उम्र में गौ सेवा और समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। उन्होंने अपने साथियों के सहयोग से ‘सेवा फाउंडेशन संस्था गौशाला’ की स्थापना कर निराश्रित एवं घायल गौवंश की देखभाल, उपचार और चारे की व्यवस्था सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्य शुरू किए हैं। संस्था जरूरतमंद परिवारों की सहायता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
रितुराज सैन ने बताया कि उन्होंने अपने नाम के साथ अपने गांव जयरामपुरा को जोड़कर अपनी जड़ों से जुड़ाव और गांव के प्रति सम्मान को प्राथमिकता दी है। उनका मानना है कि समाज में बदलाव केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना से आता है। इसी सोच के साथ वे युवाओं को सामाजिक कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्था समय-समय पर गौ सेवा के अलावा रक्तदान शिविर, जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री वितरण और अन्य सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन करती है। उनका कहना है कि यदि युवा अपनी ऊर्जा का कुछ हिस्सा समाजहित में लगाएं तो समाज में बड़ा सकारात्मक बदलाव संभव है। उनका लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा अभियान से जोड़कर समाज सेवा की भावना को आगे बढ़ाना है।


















