जयपुर। पुलिस आयुक्तालय की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चौकस’ के तहत बिंदायका थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को 108 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई बिंदायका थाना क्षेत्र स्थित निमेड़ा की विनायक सिटी में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान लक्ष्मी सांसी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 108 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला राहगीरों और मजदूरों को गांजा बेचने की फिराक में थी।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण के निर्देशन में की गई। बिंदायका थाना प्रभारी अनिल कुमार जैमनी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक गोवर्धन सिंह एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर निमेड़ा स्थित विनायक सिटी में दबिश देकर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद गांजे के स्रोत तथा इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ और जांच जारी है।


















