
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जवाहर सर्किल में रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करेगा। परियोजना के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं।
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि करीब 4,000 वर्गमीटर क्षेत्र में रोज गार्डन विकसित किया जाएगा, जहां 4,000 गुलाब लगाए जाएंगे। इनमें 3,000 विभिन्न रंगों के ग्राफ्टेड (मल्टी कलर) गुलाब तथा 1,000 देशी गंगानगर गुलाब शामिल होंगे। इसके अलावा 4,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक नर्सरी विकसित की जाएगी, जिसमें 32 प्रजातियों के लगभग 3,000 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 2,000 सजावटी और 1,000 फलदार पौधे होंगे।
उन्होंने बताया कि जवाहर सर्किल में अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे युवाओं और उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलने के साथ शहरवासियों को फिटनेस और खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
महाजन ने कहा कि जेडीए शहर में हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता को प्रोत्साहित करने और बेहतर पर्यावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। रोज गार्डन, आधुनिक नर्सरी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से जवाहर सर्किल की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।


















