फर्जी एडमिट कार्ड से एसआई भर्ती का फिजिकल देने पहुंची युवती पकड़ी

0
54

जयपुर। सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा-2025 के फिजिकल टेस्ट में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। चित्रकूट थाना पुलिस ने शुक्रवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा देने पहुंची एक फेक कैंडिडेट को राउंडअप किया है। युवती एडिट कर तैयार किए गए फर्जी एडमिट कार्ड के आधार पर फिजिकल परीक्षा देने पहुंची थी।

डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया कि पकड़ी गई युवती की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहिता (27) के रूप में हुई है। सब इंस्पेक्टर भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन चित्रकूट स्टेडियम में किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह चयनित अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच के दौरान युवती के दस्तावेजों पर पुलिस को संदेह हुआ।

जांच में सामने आया कि एडमिट कार्ड पर दर्ज रोल नंबर एक ऐसे अभ्यर्थी का था, जो परीक्षा में सफल हो चुका था। जब रिटर्न परीक्षा के रिकॉर्ड की जांच की गई तो मोहिता के एडमिट कार्ड के फर्जी होने का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस रोल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी एडमिट कार्ड तैयार किया गया था, उस अभ्यर्थी की फिजिकल परीक्षा 5 अगस्त को उदयपुर में हो चुकी थी। पूछताछ में युवती ने बताया कि उसने साइबर कैफे से सफल अभ्यर्थियों की सूची हासिल कर रोल नंबर लिया और उसमें बदलाव कर अपना एडमिट कार्ड तैयार किया।

पुलिस के अनुसार मोहिता जयपुर के चित्रकूट नगर में रहकर एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रिटर्न परीक्षा में असफल होने के बावजूद उसने यह बात अपने परिजनों को नहीं बताई और परीक्षा पास करने की जानकारी देती रही।

परिजनों को विश्वास दिलाने के लिए वह जयपुर में ही रिश्तेदारों के साथ रह रही थी और एसआई भर्ती के फिजिकल टेस्ट की तैयारी का बहाना बनाकर चित्रकूट स्टेडियम में दौड़ लगाने भी जाती थी। पुलिस आरोपी युवती से पूछताछ कर रही है और फर्जी एडमिट कार्ड तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here