जयपुर। एनबीसी दुर्गा विस्तार कॉलोनी स्थित जेएमएसवीपी स्कूल में आवाम ए इंडिया की ओर से ड्राइंग प्रतियोगिता एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। देशभक्ति थीम पर हुई ड्राइंग प्रतियोगिता को प्राइमरी, मिडिल और सीनियर वर्ग में बांटा गया। बच्चों ने देशभक्ति से जुड़े विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए।
इस कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने दुर्गा विस्तार पार्क में फलदार एवं औषधीय प्रजातियों के करीब 10 पौधे लगाए। विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेते हुए हर वर्ष कम से कम एक पेड़ लगाने का संकल्प भी लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जबकि 10 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
एमईएएल की महासचिव सारा इस्माईल ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता के साथ देशभक्ति की भावना विकसित करना है। ऐसी गतिविधियों से बच्चों का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। स्कूल निदेशक संजय ने कहा कि बच्चों ने अपनी सोच को कागज पर उतारकर देश की आजादी के महत्व को अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।



















