राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 24 अगस्त से

0
60
State-level ball badminton tournament from August 24
State-level ball badminton tournament from August 24

जयपुर। राजस्थान बॉल बैडमिंटन संघ एवं टोंक जिला बॉल बैडमिंटन संघ के संयुक्त तत्वावधान में 24 से 26 अगस्त तक मालपुरा जिला टोंक में 9वीं सीनियर राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता और 8वीं सब-जूनियर राज्य स्तरीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

राजस्थान बॉल बैडमिंटन संघ के महासचिव शौकत अली मंसूरी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए जिलों की टीम एंट्री की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित थी। प्राप्त प्रविष्टियों के अनुसार सीनियर पुरुष वर्ग में 26 जिलों और महिला वर्ग में 20 जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। वहीं सब-जूनियर बालक वर्ग में 18 और बालिका वर्ग में 14 टीमों के भाग लेने की संभावना है।

संघ अध्यक्ष डॉ. राजपाल शर्मा ने बताया कि मालपुरा में होने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की सीनियर पुरुष एवं महिला टीमों का चयन 72 वीं सीनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026-27 के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 से 28 सितंबर तक तिरुपति, आंध्र प्रदेश में होगी।

इसी तरह सब-जूनियर वर्ग में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान की बालक एवं बालिका टीमों का चयन 45वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बॉल बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 3 से 7 अक्टूबर तक भिलाई, छत्तीसगढ़ में आयोजित होगी।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जयपुर का प्रतिनिधित्व करने वाली सीनियर पुरुष एवं महिला तथा सब-जूनियर बालक एवं बालिका टीमों के चयन के लिए चयन स्पर्धा आयोजित की गई। इसके प्रदर्शन के आधार पर संभावित खिलाड़ियों का चयन तीन सदस्यीय चयन समिति ने किया।

समिति में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं पूर्व एसएआई कोच लक्ष्मीकांत शर्मा, वरिष्ठ राष्ट्रीय खिलाड़ी अब्दुल अब्बास और गजेन्द्र सिंह शामिल रहे। जयपुर की सीनियर पुरुष, महिला और सब-जूनियर बालक-बालिका टीमों की अंतिम घोषणा 23 अगस्त को की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here