नर्सरी के पास जुआ खेलते तीन सटोरिए गिरफ्तार

0
65
Three gamblers arrested near the nursery.
Three gamblers arrested near the nursery.

जयपुर। अवैध गतिविधियों, जुआ-सट्टे और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरमाड़ा थाना पुलिस ने वन विभाग की नर्सरी के पास खाली जमीन पर जुआ खेल रहे तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दांव पर लगी 56 हजार 500 रुपए की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान वन विभाग की नर्सरी के पास खाली जमीन पर जुआ खेलने की सूचना मिली। इस पर पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर दबिश दी और तीन आरोपियों को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 56 हजार 500 रुपए और 52 ताश के पत्ते मिले।

थानाधिकारी नरेन्द्र भड़ाना ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भारतनगर कच्ची बस्ती और आसपास की कॉलोनियों के नवयुवकों को जुआ खिलाकर इस अवैध गतिविधि की ओर आकर्षित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चांद (33), पुत्र मुनीर खान, निवासी नया जालूपुरा, शास्त्रीनगर आदतन जुआरी और सटोरिया है। उसके खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में आरपीजीओ एक्ट की धारा 13 के तहत छह मामले दर्ज होकर चालान पेश हो चुके हैं।
उसके खिलाफ सिंधी कैंप थाने में 2018 के तीन मामले और 2022 का एक मामला, भट्टा बस्ती थाने में 2018 और 2025 का एक-एक मामला तथा शास्त्री नगर थाने में 2025 का एक मामला दर्ज है।

दूसरा आरोपी मोहम्मद साजिद (35), पुत्र कासम अली, निवासी इस्लामपुर, झुंझुनूं, हाल चांदपोल बाजार, जयपुर का रहने वाला है। तीसरा आरोपी वसीम अली (32), पुत्र नवाब अली, निवासी हाउसिंग बोर्ड, शास्त्रीनगर है। वसीम के खिलाफ आदर्श नगर थाने में मारपीट और बदसलूकी से संबंधित मामला भी दर्ज बताया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जुए के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here