अपहरण कर 2 करोड़ की फिरौती मांगने वाली गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार

0
64
Permanent warrantee absconding for five years arrested.
Permanent warrantee absconding for five years arrested.

जयपुर। झोटवाड़ा थाना पुलिस ने प्रॉपर्टी कारोबारी का अपहरण कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन दिन तक करीब 1700 किलोमीटर पीछा कर गिरोह के मुख्य सरगना सहित तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अपहृत कारोबारी को भी सकुशल दस्तयाब कर लिया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए दिल्ली-अजमेर हाईवे पर कोटपूतली के पास पुलिस टीम और राहगीरों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। बाद में पुलिस ने खेतों में घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।

पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 21 अगस्त को परिवादी मोहम्मद ने झोटवाड़ा थाने में रिपोर्ट दी थी। उसने बताया कि उसके पिता 20 अगस्त को काम से संजय नगर तिराहा गए थे। लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटे। उनका मोबाइल भी बंद आ रहा था।

परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो एक सुजुकी फ्रोंक्स कार में कुछ लोगों द्वारा उन्हें जबरन बैठाकर ले जाते हुए देखा गया। इसी रात अपहृत कारोबारी के मोबाइल से परिजनों के पास फोन आया। बदमाशों ने दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगते हुए धमकी दी कि रकम बताए स्थान पर नहीं पहुंचाई और पुलिस को सूचना दी तो कारोबारी की हत्या कर दी जाएगी।

जांच में सामने आया कि अपहृत कारोबारी झोटवाड़ा, खोराबीसल, जयसिंहपुरा खोर और नाई की थड़ी क्षेत्र में बड़े स्तर पर प्रॉपर्टी और बिल्डिंग निर्माण का काम करता है। उसकी पूर्व किरायेदार सोफिया बेगम को उसकी आर्थिक और सामाजिक स्थिति की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार सोफिया ने अपने पुत्रों जावेद और मुन्ना तथा आपराधिक प्रवृत्ति के साथियों सैफ अली उर्फ सैफू उर्फ कालू, नाजिम कुरैशी उर्फ पारले और समीर के साथ मिलकर कारोबारी से रंगदारी वसूलने की साजिश रची।

बदमाशों ने 20 अगस्त को संजय नगर तिराहा से कारोबारी का अपहरण किया। इसके बाद तीन दिन तक उसके साथ मारपीट करते हुए उसे जयपुर, टोंक, सवाई माधोपुर, कोटा और मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में घुमाते रहे। इस दौरान परिजनों से लगातार दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी जाती रही।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता और एसीपी झोटवाड़ा शिव कुमार भारद्वाज के निर्देशन तथा थानाधिकारी रायसल सिंह शेखावत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से आरोपियों के रूट को ट्रैक करते हुए करीब 1700 किलोमीटर तक उनका पीछा करते हुए दिल्ली-अजमेर हाईवे पर कोटपूतली के पास आरोपियों को पुलिस के घिरने का आभास हुआ तो उन्होंने पुलिस टीम और राहगीरों पर कार चढ़ाने और टक्कर मारने का प्रयास किया।

इसके बाद कोटपूतली पुलिस की मदद से घेराबंदी की गई। आरोपी कार छोड़कर खेतों में भागे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर सैफ अली उर्फ सैफू उर्फ कालू (29) निवासी सुभाष चौक, हाल मेहंदी का बास, आमेर को मुख्य सरगना और हार्डकोर अपराधी बताया है। दूसरा आरोपी नाजिम कुरैशी उर्फ पारले (21) निवासी मेवात, हरियाणा, हाल किरायेदार नाई की थड़ी, जयसिंहपुरा खोर और तीसरा जावेद हुसैन (24) निवासी सीआरपीएफ कैंपस के पास लालवास, जयसिंहपुरा खोर को दबोच लिया।

अपहृत कारोबारी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों और गिरोह से जुड़े सदस्यों के खिलाफ जयपुर शहर के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, फायरिंग, फिरौती, लूट, आर्म्स एक्ट, जुआ-सट्टा और अपहरण सहित करीब तीन दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों और अपहरण की साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here