नरेगा महिला श्रमिक की नाक से नथली तोड़कर लूटने वाले गिरफ्तार

0
45
Attempt to harm family by putting pesticide in drinking water tank
Attempt to harm family by putting pesticide in drinking water tank

जयपुर। बस्सी थाना पुलिस ने नरेगा महिला श्रमिक की नाक से सोने की नथली झपटकर फरार हुए दो आरोपियों को महज तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा एक्सयूवी कार भी जब्त की है। आरोपियों ने सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की वारदातें करना कबूल किया है।

जयपुर पूर्व पुलिस उपायुक्त रंजीता शर्मा ने बताया कि 22 अगस्त को कृष्णा देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला नरेगा में काम करती है। दोपहर करीब 12.40 बजे वह कार्यस्थल से पंचायत भवन के बाहर सड़क किनारे लगे नल से पानी भरने गई थी। इसी दौरान घाटा रोड की ओर से आई सफेद एक्सयूवी कार उसके पास रुकी। कार में पांच लोग सवार थे। दो आरोपी नीचे उतरे। एक ने महिला का मुंह दबाया और उसकी नाक में पहनी सोने की नथली झपटकर तोड़ ली। इससे महिला की नाक फट गई।

महिला के शोर मचाने पर वहां काम कर रहे भोमाराम गुर्जर और मोहर सिंह गुर्जर ने बाइक से कार का पीछा किया और उसका फोटो-वीडियो बना लिया। कार का नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया गया। मामले में बस्सी थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन के सुपरविजन, एसीपी बस्सी हरजीलाल यादव के निर्देशन और थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने बीटीएस, सीडीआर और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद ली। आरोपियों के भागने के रास्ते में करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके आधार पर पुलिस ने कुंज बिहारी उर्फ जीतू सोनी और हेमराज उर्फ राजू सैनी को तीन घंटे में गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर अकेली महिलाओं को देखकर वाहन रोकते थे। रास्ता पूछने या बातचीत में उलझाने के बहाने मौका मिलते ही आभूषण झपटकर फरार हो जाते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी कुंज बिहारी सुनार है और अपनी दुकान पर लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाने का काम करता था। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here