तेज रफ्तार ट्रेलर ने जुगाड़ रिक्शे को मारी टक्कर:हादसे में मां-बेटी की मौत

0
224

जयपुर। जयपुर ग्रामीण जिले के फागी थाना क्षेत्र में राखी का त्योहार मनाकर केकड़ी से जयपुर लौट रहे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर मोहनपुरा-पृथ्वी सिंह मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने जुगाड़ रिक्शे को टक्कर मार दी। हादसे में रिक्शे में सवार मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।

परिवार के पांच सदस्य केकड़ी में राखी का त्यौहार मनाकर रिक्शे से जयपुर लौट रहे थे। इसी दौरान जयपुर से फागी की ओर जा रहे ट्रेलर ने रिक्शे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों व आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।

फागी वृत्ताधिकारी अनिल कुमार डोरिया ने बताया कि हादसे में गज्जू कालबेलिया, विनोद और मीरा देवी को हल्की चोटें आईं। वहीं सुगना देवी और उनकी बेटी नौरती गंभीर घायल हो गईं। दोनों को तत्काल फागी उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना पर रेनवाल मांजी थानाधिकारी कमलेश चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर सड़क पर लगे जाम को हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर और क्षतिग्रस्त रिक्शे को रेनवाल मांजी थाने में खड़ा करवाकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here