जयपुर। चित्रकूट थाना इलाके में 15वीं मंजिल की बालकनी में एसी रिपेयर करते समय संतुलन बिगड़ने से एक मैकेनिक नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गांधी पथ-क्वींस रोड स्थित सिंथोनिका बिल्डिंग में हुआ।
थानाधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि हादसे में पोलोविक्ट्री स्थित बरकत कॉलोनी निवासी सलमान खान (34) की मौत हुई है। वह परिवार के साथ रहता था और वोल्टास कंपनी के एसी रिपेयरिंग का काम करता था।
पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे सलमान सिंथोनिका बिल्डिंग की 15वीं मंजिल स्थित एक फ्लैट में एसी रिपेयरिंग की शिकायत पर पहुंचा था। बालकनी में लगे एसी की मरम्मत के लिए वह करीब डेढ़ फीट चौड़ी दीवार पर चढ़ा हुआ था।
बारिश के कारण दीवार पर फिसलन थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 15वीं मंजिल से नीचे फर्स्ट फ्लोर की छत पर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सलमान के परिजनों ने कंपनी के इंजीनियर, ठेकेदार सहित अन्य लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि सलमान ने सुरक्षा बेल्ट और रस्सी के बिना 15वीं मंजिल पर एसी रिपेयर करने से मना किया था, लेकिन इसके बावजूद उसे काम के लिए भेजा गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि यदि उसे आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाते तो हादसा टाला जा सकता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।



















