राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम: मैत्री क्रिकेट में सेक्रेटरी एकादश विजयी

0
46
Athletes displayed their prowess on National Sports Day.
Athletes displayed their prowess on National Sports Day.

जयपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत शनिवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेल गतिविधियों से भरपूर कार्यक्रम आयोजित हुए। प्रभात फेरी, हॉकी फाइनल, मैत्री क्रिकेट मैच और विभिन्न खेलों के श्रेष्ठ खिलाड़ियों का सम्मान समारोह हुआ। रविवार को सुबह 6.30 बजे ‘संडे ऑन साइकिल’ साइकिल रैली और सुबह 8 बजे बास्केटबॉल फाइनल होगा।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के खेल अधिकारी (प्रशिक्षण) करण सिंह शेखावत ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत प्रभात फेरी से हुई। परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। इसमें विभिन्न खेलों के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और स्टेडियम स्टाफ ने भाग लिया। इससे पहले प्रतिभागियों ने फिटनेस, खेल भावना और ओलंपिक के उत्कृष्टता, सम्मान एवं मित्रता के मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ ली।

महिला हॉकी फाइनल में एसएमएस क्लब ने एमजीजीएस-दुर्गापुरा को 1-0 से हराकर खिताब जीता। निर्णायक गोल रिया ने किया। पुरुष वर्ग में हॉकी अकादमी ने स्टार क्लब को 2-1 से शिकस्त दी। विजेता टीम की ओर से मनीष स्वामी और मनवीर ने एक-एक गोल किया, जबकि स्टार क्लब के ऐजाज ने गोल दागा।

विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। हैंडबॉल में उपेंद्र सिंह राठौड़ और पूजा जाट, हॉकी में मनजोत सिंह और रिया, कबड्डी में अभिनव मीणा और मोनिका चौधरी, रस्साकशी में मनीष यादव और ममता तथा वॉलीबॉल में अरनव और सलोनी को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

दिन का आकर्षण सेक्रेटरी एकादश और स्पोर्ट्स मैनेजर एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच रहा। सेक्रेटरी एकादश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में चार विकेट पर 130 रन बनाए। सचिव राजकेश मीणा ने 23 गेंदों में चार चौकों की मदद से 40 रन बनाए। हैंडबॉल प्रशिक्षक प्रियदीप सिंह ने 28 गेंदों में छह छक्कों और सात चौकों की मदद से नाबाद 74 रन की पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करते हुए स्पोर्ट्स मैनेजर एकादश 10 ओवर में चार विकेट पर 79 रन ही बना सकी। कृष्ण कुमार ने 31 और हॉकी प्रशिक्षक प्रशांत सप्रे ने 23 रन बनाए। इस तरह सेक्रेटरी एकादश ने मुकाबला 51 रन से जीत लिया।

करण सिंह शेखावत ने बताया कि रविवार सुबह 6.30 बजे स्टेडियम की मुख्य इमारत के सामने से ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली निकाली जाएगी, जिसमें प्रशिक्षक और खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे बास्केटबॉल का फाइनल मुकाबला होगा और पुरस्कार वितरण किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here