भाजपा-कांग्रेस के मुकाबले आप ने पेश किया वैकल्पिक एजेंडा

0
22

जयपुर। आम आदमी पार्टी राजस्थान ने नगरीय निकाय चुनाव 2026 के लिए घोषणा-पत्र जारी किया। पार्टी ने निगम, नगर परिषद और पालिकाओं में भ्रष्टाचार मुक्त एवं जवाबदेह प्रशासन के साथ स्वच्छ हवा-पानी, बेहतर सफाई, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने का वादा किया है।

आप प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि स्थानीय निकायों का काम सीधे आमजन के जीवन से जुड़ा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, फुटपाथ, प्लानिंग, पार्किंग, निर्माण अनुमति और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में सुधार जरूरी है। सह प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि अव्यवस्थित शहरी विकास के कारण शहर कंक्रीट के जंगल और प्रदूषण के गैस चैंबर बनते जा रहे हैं। पार्टी दूरदर्शी प्लानिंग और अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई पर जोर देगी।

प्रदेश चुनाव प्रभारी देवेन्द्र शास्त्री ने कहा कि घोषणा-पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई को प्राथमिकता दी गई है। निकायों के अधीन स्कूलों में आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं, स्किल डेवलपमेंट और करियर गाइडेंस उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को निगम, परिषद या पालिका की जिम्मेदारी मिलने पर भ्रष्टाचार मुक्त स्थानीय निकाय का मॉडल विकसित किया जाएगा।

घोषणा-पत्र में आप की मोहल्ला क्लीनिक योजना लागू करने, आधुनिक मशीनरी से सफाई, सफाईकर्मियों की सुरक्षा, बेहतर सड़क-फुटपाथ और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का भी वादा है। रोजाना निकलने वाले कचरे का उसी दिन निस्तारण, वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी और खुली बिजली तारों को चरणबद्ध तरीके से भूमिगत करने की योजना शामिल है।

निर्माण अनुमति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने तथा शहर की जरूरत और भविष्य के नियोजित विकास के अनुरूप नियम तैयार करने की बात कही गई है। शास्त्री ने भाजपा-कांग्रेस पर राजनीतिक मिलीभगत का आरोप लगाते हुए आप को विकल्प बताया। उन्होंने कहा कि जयपुर सहित अन्य शहरों में शिक्षित, योग्य, ईमानदार और स्थानीय मुद्दों की समझ रखने वाले प्रत्याशियों को मैदान में उतारा जा रहा है।

इस दौरान प्रदेश सचिव जुगल किशोर शर्मा, जिला अध्यक्ष अमित दाधीच, वार्ड 54 की पार्षद प्रत्याशी संगीता गौड़ सहित प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here