जन्माष्टमी पर बदमाशों की खैर नहीं: एआई कैमरों से होगी गोविंददेवजी मंदिर की निगरानी

0
27

जयपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शुक्रवार को गोविंददेवजी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जयपुर पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और क्राउड मैनेजमेंट के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और आसपास एआई आधारित कैमरों से असामाजिक तत्वों और बदमाशों पर नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की एंट्री और एग्जिट अलग-अलग मार्गों से होगी। पुलिस जाप्ता तीन शिफ्ट में तैनात रहेगा।

जयपुर उत्तर डीसीपी करन शर्मा ने बताया कि 4 सितंबर को जन्माष्टमी और 5 सितंबर को गोविंददेवजी की शोभायात्रा निकलेगी। दोनों दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। रात 1 बजे से भीड़ कम होने तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जयपुर उत्तर जिले के अलावा कमिश्नरेट और पुलिस मुख्यालय से भी अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया है।

इस बार श्रद्धालुओं को जलेब चौक से मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि निकासी जयनिवास उद्यान की ओर से होगी। यहां से श्रद्धालु हवामहल रोड की तरफ पैदल निकलेंगे। मंदिर के भीतर किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बड़ी चौपड़ से हवामहल की ओर जाने वाली सड़क का एक हिस्सा श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन के लिए रहेगा। भीड़ बढ़ने पर वाहनों के लिए खुले दूसरे हिस्से को भी बंद किया जा सकेगा।

मंदिर परिसर और आसपास पहले से लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा अतिरिक्त एआई युक्त कैमरे लगाए गए हैं। इनका डिस्प्ले अस्थायी कंट्रोल रूम में रहेगा, जहां पुलिस टीम लगातार निगरानी करेगी। कैमरों को पुलिस के अपराधियों और असामाजिक तत्वों के डेटाबेस से जोड़ा गया है। किसी संदिग्ध या चिन्हित बदमाश के कैमरे के सामने आने पर कंट्रोल रूम को अलर्ट मिलेगा और पुलिस तत्काल कार्रवाई कर सकेगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था की गई है।

यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय किया गया है। छोटी चौपड़ से बड़ी चौपड़ तक वाहनों को अंदरूनी गलियों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए जारी QR कोड स्कैन करने पर श्रद्धालुओं को संबंधित पार्किंग स्थल और वहां उपलब्ध खाली स्थान की लाइव जानकारी मिल सकेगी। इससे वाहन पार्क करने में सुविधा होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here