महास्वच्छता अभियान: एक दिन में 1500 स्वच्छता योद्धाओं ने 500 टन कचरा किया साफ

0
31

जयपुर। मानसून के बाद शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए नगर निगम जयपुर का ‘स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर’ थीम पर विशेष महास्वच्छता अभियान जारी है। अभियान के चतुर्थ चरण में गुरुवार को झोटवाड़ा एवं वैशाली नगर जोन के हर वार्ड, गली और मोहल्ले में सघन सफाई की गई। अभियान में 1500 से अधिक स्वच्छता योद्धाओं ने कमान संभाली और एक ही दिन में करीब 500 टन कचरे का निस्तारण किया गया।

अभियान का शुभारंभ सुबह 7 बजे अतिरिक्त आयुक्त नरेन्द्र कुमार बंसल ने चित्रकूट स्टेडियम से स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी और दोनों जोन के उपायुक्त पवन कुमार शर्मा सहित अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा की पहल पर चल रहे अभियान के तहत विभिन्न स्थानों से कचरा, गंदगी और मलबा हटाया गया। जेसीबी व डम्पर से खुले कचरा डिपो साफ किए गए। जलभराव और जलनिकासी वाले स्थानों पर विशेष संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। वैशाली नगर में 26 और झोटवाड़ा में 36 संसाधनों से सफाई कराई गई। इनमें 7 जेसीबी, 20 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 16 हूपर, 3 जटायु और 5 डम्पर लोडर शामिल रहे। तीन फॉगिंग मशीनों से कीटनाशक छिड़काव भी कराया गया तथा 25 खाली भूखंडों की सफाई की गई।

आयुक्त कसेरा ने बताया कि अभियान 7 सितंबर तक छह चरणों में विभिन्न जोन में चलेगा। आगामी 5 सितंबर को सिविल लाइंस व आदर्श नगर तथा 7 सितंबर को जगतपुरा, झालाना और मालवीय नगर जोन में सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से खुले में कचरा नहीं डालने और घर-घर आने वाले हूपर में ही कचरा डालने की अपील की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here