जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने वेलमार्क लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश का दौर तेज हुआ है। पिछले 24 घंटे में अलवर, भरतपुर, डीग, दौसा, धौलपुर, जयपुर, भीलवाड़ा, करौली, टोंक, बारां, कोटा और झालावाड़ में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बूंदी और सवाई माधोपुर में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई।
सवाई माधोपुर के खंडार में सर्वाधिक 135 मिमी बारिश हुई। नैनवां में 75, बूंदी में 61, दूनी में 60, टोंक में 59, सपोटरा में 58, उच्चैन में 55, बसैनवाब में 45, कालीसिल में 43 और मनोहर थाना में 42 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। भरतपुर के उच्चैन में करीब 54-55 मिमी बारिश हुई। तेज बारिश से भरतपुर-धौलपुर में कई जगह जलभराव हुआ। सवाई माधोपुर में जलभराव के कारण रणथंभौर क्षेत्र की शेरपुर-खिलचीपुर रपट पर भी पानी आने से रास्ता बंद करना पड़ा।
झालावाड़ में बांधों के गेट खोले
करीब तीन घंटे की लगातार बारिश के बाद झालावाड़ में जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ गई। कालीसिंध और छापी बांध के कुल पांच गेट खोले गए। बूंदी में भी करीब 28 घंटे से रुक-रुककर बारिश जारी है। जिले में 4 सितंबर को 37 मिमी औसत बारिश हुई, जबकि 1 जून से अब तक 473 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
जयपुर में सुहाना हुआ मौसम
राजधानी में शुक्रवार सुबह से जेएलएन मार्ग, जवाहर नगर, एयरपोर्ट और सांगानेर-प्रताप नगर सहित कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। घने बादलों और बारिश से तापमान में गिरावट आई तथा गर्मी-उमस से राहत मिली।
4 से 7 सितंबर तक बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 4 से 7 सितंबर तक भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। जयपुर, दौसा, करौली, धौलपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, अजमेर, ब्यावर, भीलवाड़ा, बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में मेघगर्जन, 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और बारिश का अलर्ट है।
बीसलपुर में एक सेमी पानी की आवक
बीसलपुर बांध का जलस्तर 314.08 आरएल मीटर पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में एक सेंटीमीटर पानी की आवक हुई और बांध क्षेत्र में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून
जोधपुर संभाग में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना है। 4 से 6 सितंबर तक बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, नागौर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने जयपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी कर मेघगर्जन के दौरान खुले स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
जयपुर में अगस्त में असमान बारिश
अगस्त में जयपुर शहर में 145 मिमी, मौजमाबाद में महज 23 मिमी, शाहपुरा में 352 मिमी और तुंगा में 278 मिमी बारिश दर्ज हुई। जिले में अगस्त की कुल बारिश 2996 मिमी बताई गई है।
बारिश के चलते पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री तक गिरावट आई। गुरुवार को कोटा में प्रदेश का सबसे कम अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री और श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



















