जयपुर में बाइक चोर सक्रिय: एक दिन में 13 जगहों से मोटरसाइकिल चोरी

0
40

जयपुर। शहर में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 13 स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले सामने आए। वैशाली नगर से लेकर झोटवाड़ा, गलता गेट, रामगंज, जालूपुरा, पत्रकार कॉलोनी और सीतापुरा तक चोरों ने वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी की अधिकांश वारदातें घरों के बाहर, बाजार, कॉलेज, अस्पताल, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर की गईं। कुछ मामलों में वाहन मालिकों की लापरवाही भी सामने आई। शास्त्री नगर की पेंटर कॉलोनी में पप्पू कुरैशी की बाइक की चाबी मोटरसाइकिल में ही लगी रह गई थी। चोर मौका पाकर बाइक लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार वैशाली नगर से सुरेंद्र सिंह, झोटवाड़ा में मनोहर पैलेस के सामने से प्रवीण सिंह और चित्रकूट कॉलोनी में घर के बाहर से कमलेश यादव की मोटरसाइकिल चोरी हुई। गलता गेट के सुंदर नगर से साबिर तथा रामगंज के चार दरवाजा क्षेत्र से सूर्या सामरिया की बाइक चोरी हुई।

वहीं जालूपुरा के शहीद हमीद नगर से मोहसीन और पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के श्याम विहार कॉलोनी से छोटूराम की मोटरसाइकिल चोरी हुई। विधाणी स्थित जेईसीआरसी कॉलेज से नितेश की बाइक और सीतापुरा स्थित एमजीएच के गेट नंबर-3 के बाहर से अक्षय यादव की मोटरसाइकिल पार कर ली गई।

इसके अलावा महेश नगर थाना क्षेत्र के श्रीगोपाल नगर से सत्यनारायण जांगिड़, श्याम नगर थाना क्षेत्र के संतोष नगर स्थित गंगोत्री अपार्टमेंट से कोमल शर्मा और अतिश मार्केट स्टेशन से जितेंद्र चौधरी की मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज हुई है।

एक ही दिन में अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने संबंधित थाना क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान के साथ चोरी की मोटरसाइकिलों की तलाश में जुटी है। अलग-अलग वारदातों के बीच किसी गिरोह या एक ही समूह की संलिप्तता है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here