सेंट्रल जेल की बैरक में छिपा मिला मोबाइल

0
53
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail
One prisoner injured in a clash between prisoners in Central Jail

जयपुर। लाल कोठी थाना इलाके में स्थित जयपुर सेंट्रल जेल में बंदियों के मोबाइल इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन की निगरानी के दौरान सीसीटीवी फुटेज में एक बंदी मोबाइल पर कॉल कर बात करता दिखाई दिया। कॉल खत्म करने के बाद उसने मोबाइल अपने साथी बंदी को देकर बैरक में छिपवा दिया। जेल प्रशासन ने फुटेज के आधार पर बैरक की तलाशी लेकर मोबाइल जब्त किया और दोनों बंदियों के खिलाफ लालकोठी थाने में मामला दर्ज करवाया।

जांच अधिकारी एएसआई सूरजमल ने बताया कि जयपुर सेंट्रल जेल के प्रहरी देशराज मीणा (30) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार वार्ड नंबर-5 की बैरक संख्या-9 में बंदी विष्णु सांसी बंद है। तलाशी के दौरान उसकी बैरक से मोबाइल बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।

जेल प्रशासन बैरकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की निगरानी कर रहा था। शुक्रवार रात की फुटेज में बंदी शिवराज गुर्जर मोबाइल पर कॉल कर बात करता दिखाई दिया। कॉल खत्म होने के बाद शिवराज ने मोबाइल छिपाने के लिए उसे साथी बंदी विष्णु सांसी को दे दिया। विष्णु ने मोबाइल अपनी बैरक में छिपा दिया।

फुटेज के आधार पर जेल प्रशासन ने बैरक में सर्च अभियान चलाया और छिपाकर रखा मोबाइल बरामद कर लिया। इसके बाद जब्त मोबाइल को लालकोठी थाने में जमा करवाया गया।

पुलिस ने जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर बंदी विष्णु सांसी और शिवराज गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जेल के भीतर मोबाइल किस तरह पहुंचा और इसका इस्तेमाल किन लोगों से संपर्क के लिए किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here