आईओसीएल पाइपलाइन में छेद कर 4.48 करोड़ का तेल चोरी कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
51

जयपुर। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) की भूमिगत पाइपलाइन में सेंध लगाकर अवैध वाल्व के जरिए करीब आठ लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी करने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने मुख्य आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। चोरी किए गए क्रूड ऑयल की बाजार कीमत करीब 4.48 करोड़ रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर करीब 36 टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने में शामिल होने का आरोप है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस विशाल बंसल ने बताया कि अप्रैल 2025 में आईओसीएल ब्यावर के सहायक प्रबंधक संजय कुमार सेन ने एसओजी थाना जयपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ब्यावर जिले की मसूदा तहसील के नासून गांव में चरागाह भूमि से गुजर रही आईओसीएल की भूमिगत सलाया-मथुरा पाइपलाइन (सीएमपीएल-24) में सेंधमारी की गई थी।

आरोपियों ने पाइपलाइन में छेद कर अवैध वाल्व लगाया था। इसके बाद लोहे और हाइड्रोलिक प्लास्टिक पाइप तथा फ्लेंज की मदद से कनेक्शन जोड़कर पाइपलाइन से क्रूड ऑयल निकाला गया। जांच में करीब 8 लाख लीटर क्रूड ऑयल चोरी किए जाने की बात सामने आई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी की ओर से विशेष जांच शुरू की गई। मौके से एफएसएल, साइबर टीम, फुटप्रिंट और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।

एसओजी की तकनीकी शाखा ने बीटीएस डेटा और दूरसंचार कंपनियों से प्राप्त कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के दौरान गिरोह का गुजरात कनेक्शन सामने आया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर मुख्य आरोपी जैयश भाई उर्फ मोदी उर्फ राजू (56) निवासी जवाहर नगर जिला वडोदरा (गुजरात) को गिरफ्तार किया।

एसओजी ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपी से क्रूड ऑयल चोरी की साजिश, पाइप लाइन में सेंध लगाने, चोरी किए गए तेल की सप्लाई और गिरोह में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

एसओजी अधिकारियों के अनुसार इस तेल चोरी के मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अन्य वांछित और संदिग्ध आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच में गिरोह के नेटवर्क और चोरी किए गए क्रूड ऑयल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here