जयपुर। गायत्री परिवार की सह-संस्थापिका भगवती देवी शर्मा तथा शांतिकुंज, हरिद्वार के सौ वर्ष से प्रज्ज्वलित अखंड दीपक शताब्दी समारोह के द्वितीय चरण के अंतर्गत 25 से 27 दिसंबर तक मुरलीपुरा स्थित तोंदवाल मैरिज गार्डन में 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं शिक्षक गरिमा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रथम संगोष्ठी का आयोजन कर विस्तृत रूपरेखा तय की गई।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए शांतिकुंज हरिद्वार से आए राजस्थान समन्वयक गौरी शंकर सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे इस आयोजन को 108 कुंडीय यज्ञ जैसा विशाल स्वरूप देने के लिए जुट जाएं। उन्होंने विशेष रूप से शिक्षक गरिमा सम्मेलन पर बल देते हुए कम से कम 500 शिक्षकों को जोड़ने का लक्ष्य रखा।
व्यापक जनसंपर्क पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पूरे विद्याधरनगर विधानसभा क्षेत्र की कॉलोनियों में सघन जनसंपर्क कर हर घर तक आमंत्रण पहुंचाया जाए।
संगोष्ठी के प्रारंभ में गायत्री चेतना केन्द्र मुरलीपुरा के प्रभारी महेन्द्र कुमार ने आयोजन की जानकारी दी और शांतिकुंज हरिद्वार के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम संपन्न कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान शांतिकुंज से आए जय प्रकाश चौधरी और श्याम सिंह ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



















