ओवरस्पीड थार ने पीछे से स्कूटी को मारी टक्कर, डेयरी संचालक की मौत

0
43

जयपुर। सांगानेर थाना इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार थार की टक्कर से स्कूटी सवार डेयरी संचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है, जिसमें ब्लैक कलर की थार पीछे से स्कूटी को टक्कर मारती नजर आ रही है। पुलिस ने हिट एंड रन मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं।

SHO सांगानेर हरवेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे में सांगानेर के बुद्धसिंहपुरा निवासी नवल शर्मा (57) की मौत हो गई। नवल शर्मा शनिवार सुबह करीब 6 बजे स्कूटी से अपनी दूध डेयरी पर काम के लिए घर से निकले थे। वे चीलगाड़ी रेस्टोरेंट से कुछ दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नवल शर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद थार चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नवल शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में ब्लैक कलर की थार पीछे से स्कूटी को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। पुलिस के अनुसार थार बिना नंबर की बताई जा रही है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने एसएमएस अस्पताल में रविवार दोपहर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हिट एंड रन मामले में फरार आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। बिना नंबर की थार की तलाश में पुलिस रूट चार्ट तैयार कर रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे कैमरों से थार के आने-जाने का रूट पता लगाने के साथ आरोपी चालक की पहचान के प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here