आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी: मनीषा सिंह

0
45

जयपुर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत रविवार को सांगानेर प्रथम सेक्टर के महादेव कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन मिलन सेवा’ का सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनीषा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें सुपोषण किट भेंट की गई।

कार्यक्रम में क्षेत्र की करीब 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को प्लांटर एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण और देखभाल से जुड़े कार्य जमीनी स्तर पर कर रही हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए सेवा कार्यों को कर्मठता और ईमानदारी से जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों के साथ महिलाओं, बच्चों, पोषण और परिवारों से जुड़े स्थानीय विषयों पर संवाद किया गया। डॉ. सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा सहयोगिनी सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

वे गर्भवती महिलाओं की देखभाल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र परिवारों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब जमीनी स्तर के कार्यकर्ता परिवारों से लगातार संपर्क में रहें।

डॉ. मनीषा सिंह ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ केवल सम्मान कार्यक्रम नहीं, बल्कि जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा, सम्मान और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here