जयपुर। एसएमएस स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालयी बॉक्सिंग प्रतियोगिता में एकेजी बॉक्सिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता का आयोजन शहीद मेजर दिग्विजय सिंह सुमाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सतीपुरा, झोटवाड़ा-शहर, जयपुर की मेजबानी में किया गया। इसमें अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले हुए।
अकादमी की महक सिंघल ने शानदार फाइट करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महक ने मुकाबले के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास और दमखम का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी को पराजित किया।
वहीं मोहम्मद फैजान और गोरांशी ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किए। दोनों खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अकादमी का नाम रोशन किया।
खिलाड़ियों की सफलता में अकादमी के कोच प्रवीण सिंह के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की अहम भूमिका रही। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और खेलप्रेमियों ने महक सिंघल, मोहम्मद फैजान और गोरांशी को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।



















