जयपुर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर रविवार को जयपुर में स्वस्थ हृदय और फिट जीवनशैली का संदेश देने के लिए हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। मानसरोवर स्थित प्रियंका हॉस्पिटल एंड कार्डियक सेंटर से शुरू हुई साइक्लोथॉन में करीब 200 साइकिलिस्ट ने हिस्सा लिया।
राजस्थान पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने स्वयं करीब 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और नियमित शारीरिक गतिविधि का संदेश दिया। साइक्लोथॉन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह और वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीएल शर्मा ने भी साइकिल चलाई।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क और मजबूत हृदय का वास होता है। भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ और मजबूत हृदय महत्वपूर्ण है। उन्होंने नियमित रूप से सक्रिय रहने, तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने तथा फिटनेस के लिए साइकिलिंग जैसी गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त रहना जरूरी है, ताकि वे पूरी तत्परता और दक्षता से आमजन की सेवा कर सकें।
इलाज से पहले बचाव पर जोर
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जीएल शर्मा ने कहा कि हृदय रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि बेहद जरूरी है। बीमारी होने के बाद उपचार कराने की बजाय जोखिम कम करने के लिए पहले से ही जीवनशैली में बदलाव करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग जैसी गतिविधियां शरीर को सक्रिय रखने के साथ हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं।
युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
साइक्लोथॉन में युवाओं के साथ पुलिस अधिकारी, जवान और शहरवासी भी शामिल हुए। रास्ते में लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। एडीजी विजय कुमार सिंह ने भी साइकिल चलाकर फिटनेस का संदेश दिया। कार्यक्रम में भारतीय एथलीट और पूर्व ओलंपियन गोपाल सैनी गेस्ट ऑफ ऑनर रहे।
सांसद ने किया प्रतिभागियों का सम्मान
साइक्लोथॉन के समापन समारोह में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज के जिम्मेदार लोग स्वयं आगे बढ़कर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं तो इसका सकारात्मक प्रभाव आम लोगों पर भी पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान पुलिस की ओर से लोगों से खेल, साइक्लिंग और योग जैसी गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया गया।



















