एनआईए में अग्नि सुरक्षा की मॉक ड्रिल: दमकल दल ने बताए बचाव के तरीके

0
36
Fire safety mock drill at NIA: Fire crew demonstrated rescue techniques.
Fire safety mock drill at NIA: Fire crew demonstrated rescue techniques.

जयपुर। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) जयपुर में शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और जयपुर अग्निशमन दल के सहयोग से अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन प्रबंधन प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित की गई। दोपहर 2 बजे संस्थान के ऑडिटोरियम में हुए प्रशिक्षण में आग बुझाने, बहुमंजिला इमारत से लोगों को सुरक्षित निकालने और आपदा के दौरान बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

एनडीआरएफ और अग्निशमन दल के सदस्यों ने दमकल वाहन व अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही आग, बाढ़ और अन्य आपात स्थितियों में सुरक्षा उपायों, अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, सुरक्षित निकासी मार्गों की जानकारी तथा बचाव दल के निर्देशों का पालन करने के महत्व के बारे में बताया। आपदा के समय त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर संस्थान की कुलसचिव प्रो. अनिता शर्मा, संयुक्त निदेशक जे.पी. शर्मा, अस्पताल अधीक्षक प्रो. उदय राज सरोज और उपाधीक्षक प्रो. हरीश भाकुनी ने एनडीआरएफ व अग्निशमन दल के सदस्यों को सम्मानित किया।

संस्थान में मरीजों, परिजनों, चिकित्सकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की नियमित आवाजाही को देखते हुए प्रशिक्षण का उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित, सुरक्षित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना रहा। संस्थान की ओर से विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया, ताकि किसी भी आपदा के समय सभी सजगता और समन्वय के साथ कार्य कर सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here