अकासा एयर ने राजस्थान में रखा कदम, जयपुर से शुरू की उड़ान सेवा

0
35

जयपुर। अकासा एयर ने राजस्थान में अपना परिचालन शुरू कर दिया है। जयपुर राज्य में एयरलाइन का पहला परिचालन केंद्र बना है। 11 अक्टूबर से जयपुर को मुंबई और बेंगलुरु से जोड़ने वाली दैनिक सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं। एयरलाइन 15 अक्टूबर से उदयपुर से भी उड़ान सेवाएं शुरू करेगी। इससे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक केंद्रों की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है।

जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रविवार को उद्घाटन उड़ान बेंगलुरु के लिए रवाना हुई। निर्धारित समय के अनुसार, उड़ान संख्या क्यूपी 1530 ने जयपुर से सुबह 11:30 बजे उड़ान भरी और दोपहर 2 बजे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची। इस अवसर पर अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन और जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलन किया गया। उद्घाटन उड़ान के पहले यात्री को विशेष बोर्डिंग पास भी भेंट किया गया।

मुंबई और बेंगलुरु से सीधा जुड़ाव

एयरलाइन की समय-सारणी के अनुसार, मुंबई से जयपुर की उड़ान सुबह 9:10 बजे रवाना होकर 11:10 बजे पहुंचेगी। जयपुर से मुंबई के लिए उड़ान दोपहर 12 बजे रवाना होकर 1:55 बजे पहुंचेगी। वहीं, बेंगलुरु से जयपुर की उड़ान सुबह 8:20 बजे रवाना होकर 10:50 बजे पहुंचेगी। जयपुर से बेंगलुरु के लिए उड़ान सुबह 11:30 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजे पहुंचेगी। ये सभी सेवाएं बिना किसी ठहराव के संचालित होंगी।

यात्रियों को मिलेंगी अतिरिक्त सुविधाएं

अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि राजस्थान में परिचालन शुरू करना एयरलाइन की नेटवर्क विस्तार रणनीति का स्वाभाविक हिस्सा है। जयपुर एक महत्वपूर्ण पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र है। मुंबई और बेंगलुरु से सीधा जुड़ाव होने से यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे और राज्य में पर्यटन तथा कारोबार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

एयरलाइन के अनुसार, यात्रियों की सुविधा के लिए विमानों में पैरों के लिए अधिक जगह, अधिकांश विमानों में चार्जिंग के लिए यूएसबी पोर्ट और कैफे अकासा के तहत भोजन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा पालतू जानवरों के साथ यात्रा, अतिरिक्त सीट, सीट व भोजन पैकेज और अवकाश पैकेज जैसी सेवाएं भी दी जाती हैं। दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षा निर्देश और भोजन सूची के कार्ड ब्रेल लिपि में भी उपलब्ध कराए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here