सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी करने वाला इनामी गिरफ्तार

0
29

जयपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में सोडाला थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने 5 हजार रुपए के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस से बचने के लिए नाम बदलकर छिप रहा था। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि परिवादिनी रीना योगी ने सोडाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सीताराम कुमावत ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रुपए ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई और रकम भी वापस नहीं की। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

आरोपी की तलाश में सफलता नहीं मिलने पर पुलिस आयुक्तालय स्तर से उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इधर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सोडाला थानाधिकारी मनोज बेरवाल और जिला विशेष टीम प्रभारी विशम्भर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की और टीम ने तकनीकी संसाधनों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सीताराम कुमावत (38) वीकेआई सीकर रोड से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से रेनवाल जयपुर ग्रामीण का निवासी है और वर्तमान में पार्क रेजिडेंसी, कालवाड़ रोड स्थित हाथोज में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज हैं। इनमें सीकर जिले के दांतारामगढ़ थाने में दर्ज मामला भी शामिल है। पुलिस आरोपी से नौकरी के नाम पर की गई ठगी और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here