जयपुर में आज आयुष्मान-सारा करेंगे ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन

0
46

जयपुर। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री सारा अली खान मंगलवार को जयपुर में अपनी आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ का प्रमोशन के लिए शहर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रमोशन की शुरुआत परकोटा क्षेत्र से होगी, जहां ऐतिहासिक इमारतों के बीच फोटोशूट किया जाएगा। इसके बाद दोनों टोंक रोड स्थित चोखी ढाणी में राजस्थानी परिवेश और पारंपरिक पहनावे के बीच मीडिया से रूबरू होंगे।

दोनों कलाकार इसके बाद वीजीयू यूनिवर्सिटी पहुंचेंगे, जहां विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और फिल्म से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। इस दौरान दोनों सितारों के अपनी फिल्मों के गानों पर प्रस्तुति देने का कार्यक्रम भी है। बॉलीवुड सितारों से सीधे बातचीत और मनोरंजन का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए खास रहेगा।

‘उड़ता तीर’ एक स्पाई-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें जासूसी, गलत पहचान और हास्यपूर्ण घटनाओं को कहानी का आधार बनाया गया है। आकाश ए. कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष्मान खुराना पाकिस्तानी खुफिया एजेंट बिलाल की भूमिका निभा रहे हैं। एक मिशन के दौरान विस्फोट के बाद याददाश्त खोने पर बिलाल अपनी पहचान भूल जाता है और खुद को भारत की आतंकवाद निरोधक टीम का अधिकारी समझने लगता है। सारा अली खान उनकी सहकर्मी की भूमिका में नजर आएंगी।

फिल्म में बृजेंद्र काला, राहुल बोस, राम कपूर और गुलशन ग्रोवर सहित कई कलाकार भी हैं। इसका निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट ने मिलकर किया है। आयुष्मान और सारा इससे पहले ‘पति पत्नी और वो दो’ में साथ नजर आ चुके हैं। इस फिल्म में दोनों की जोड़ी जासूसी, एक्शन और कॉमेडी के अलग अंदाज में दिखाई देगी।

फिल्म की रिलीज तारीख में दो बार बदलाव किया जा चुका है। पहले इसे 11 सितंबर को रिलीज किया जाना था, फिर तारीख बदलकर 9 अक्टूबर की गई। अब फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बताया जा रहा है कि अक्टूबर में फिल्मों की व्यस्त रिलीज सूची और सिनेमाघरों में बेहतर स्क्रीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here