जयपुरिया इंस्टीट्यूट में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 55 से अधिक कॉलेजों के 1200 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

0
54
1,200 players from over 55 colleges participated in the national sports competition at Jaipuria Institute.
1,200 players from over 55 colleges participated in the national sports competition at Jaipuria Institute.

जयपुर। जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, जयपुर की ओर से 14वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 55 से अधिक महाविद्यालयों के 1200 से अधिक प्रतिभागियों ने 12 खेल स्पर्धाओं में भाग लिया। प्रतियोगिता में जयपुरिया इंस्टीट्यूट के लखनऊ और नोएडा परिसरों के विद्यार्थियों ने भी हिस्सा लिया।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ओलंपियन, रोइंग खिलाड़ी, प्रशिक्षक और राजपूताना राइफल्स के पूर्व नायब सूबेदार बजरंग लाल ताखड़ रहे। उन्होंने 2010 के एशियाई खेलों में रोइंग स्पर्धा में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था। उन्हें 2008 में अर्जुन पुरस्कार और 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

संस्थान के निदेशक डॉ. दानेश्वर शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने भाग लेने वाले संस्थानों के उत्साह और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से व्यक्ति अपने बारे में कुछ नया जान सकता है। छात्र मामलों के डीन डॉ. लोकेश विजयवर्गीय ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में व्यापक भागीदारी रही और यह आयोजन अब तक के सबसे उत्साहपूर्ण संस्करणों में शामिल रहा। खेल समिति के अध्यक्ष डॉ. अन्बेश जम्वाल और खेल समिति के स्टाफ प्रमुख एवं लेखा विभाग के सहायक महाप्रबंधक देवेश वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता का शुभारंभ डॉ. दानेश्वर शर्मा और डॉ. लोकेश विजयवर्गीय ने फुटबॉल को किक मारकर किया। समापन समारोह में डॉ. अन्बेश जम्वाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया और विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

पूर्णिमा विश्वविद्यालय जयपुर ने बालक वर्ग की पिकलबॉल और गली क्रिकेट तथा बालिका वर्ग की बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल किया। विश्वविद्यालय ने बालिका वर्ग की पिकलबॉल प्रतियोगिता का खिताब भी जीता। जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, नोएडा ने बालिका वर्ग की गली क्रिकेट और बालक वर्ग की रस्साकशी में जीत दर्ज की। जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, जयपुर ने बालक और बालिका दोनों वर्गों की कैरम प्रतियोगिताओं में विजय प्राप्त की।

बालक वर्ग की बास्केटबॉल में बिट्स मेसरा, फुटसल और एकल टेबल टेनिस में जेईसीआरसी विश्वविद्यालय, जयपुर, खो-खो में विवेकानंद ग्लोबल विश्वविद्यालय, जयपुर तथा फुटबॉल में एपेक्स विश्वविद्यालय, जयपुर विजेता रहे। बालिका वर्ग की खो-खो में कानोरिया विश्वविद्यालय, जयपुर ने खिताब जीता। विवेकानंद ग्लोबल विश्वविद्यालय ने बालक वर्ग की बीजीएमआई प्रतियोगिता में भी जीत हासिल की।

बालिका वर्ग की रस्साकशी में पोद्दार विश्वविद्यालय, जयपुर, वॉलीबॉल में एसआरएन कॉलेज, जयपुर और एकल व युगल टेबल टेनिस में आईआईएस विश्वविद्यालय, जयपुर विजेता रहे। बालक वर्ग की वॉलीबॉल में पारीक कॉलेज, जयपुर तथा युगल टेबल टेनिस में वीजेयू, जयपुर ने जीत दर्ज की। 8-बॉल पूल प्रतियोगिता में डॉ. बी. लाल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोटेक्नोलॉजी जयपुर विजेता रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here